गोंडा। पुलिस अधीक्षक आकाश तोमर ने उमरीबेगमगंज थाने का औचक निरीक्षण किया। शिकायती प्रार्थना पत्रों के गुणवत्तापूर्ण व समय से निस्तारण करने के दिये निर्देश दिए।

एसपी ने थाना कार्यालय, विवेचना कक्ष, सीसीटीएनएस कक्ष, महिला हेल्प डेस्क, साइबर हेल्प डेस्क, बंदी गृह व थाना परिसर का निरीक्षण किया। पुलिस अधीक्षक ने रिकार्डो को अद्यतन करने व साफ सफाई रखने एवं महिला हेल्प डेस्क पर नियुक्त महिला पुलिसकर्मियों को आने वाली महिला फरियादियों की समस्याओं को सुनकर उनके प्रति सहानुभूतिपूर्वक व्यवहार करते हुए तत्काल निस्तारण कराने के निर्देश दिए।

साथ ही पुलिस अधीक्षक ने मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला आरक्षियों को अपने.अपने बीट क्षेत्र में जाकर महिलाओं व बालिकाओं से वार्ता कर महिला हेल्पलाइन नंबर 1090, 181, 112, 1076, 1098, 108 व 102 के संबंध में विस्तृत जानकारी देकर जागरूक करने के भी निर्देश दिए। साथ ही पुलिस अधीक्षक ने थाने के त्योहार, मासिक व अपराध रजिस्टर का अवलोकन किया तथा सभी अभिलेखो को अद्यावधिक रखने के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक ने जनशिकायतों के सम्बन्ध में लंबित शिकायती प्रार्थना पत्रों की समीक्षा कर प्रत्येक शिकायती प्रार्थना पत्रो का स्वयं मौके पर जाकर आवेदक की संतुष्टि को प्राथमिकता देते हुए गुणवत्तापूर्ण व समय से निस्तारण करने एवं लम्बित मुकदमों का भी गुणदोष के आधार पर निस्तारण व आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी करने के निर्देश दिए। इस मौके पर क्षेत्राधिकारी तरबगंज संसार सिंह राठी, थानाध्यक्ष उमरीबेगमगंज मुकेश पाण्डेय, पीआरओ व अन्य पुलिस अधिकारी कर्मचारीगण उपस्थित रहे।