बस्ती। समाजवादी पार्टी से सदर विधायक महेंद्र नाथ यादव की मुश्किलें बढ़ती ही जा रही हैं। बहादुरपुर ब्लॉक प्रमुख राजकुमार को पांच महीने तक बंधक बनाए रखने के मामले में पुलिस ने कई और धारा बढ़ा दी हैं।
सरकारी अधिवक्ता ने हाईकोर्ट में इसकी जानकारी दी। इसके बाद कोर्ट ने विधायक के अधिवक्ता को इसके सत्यापन के लिए समय दिया। बता दें कि कोर्ट ने इस मामले की सुनवाई के लिए आठ अप्रैल की तिथि निर्धारित की है।
गौरतलब है कि सपा विधायक के खिलाफ ब्लॉक प्रमुख के अपहरण के आरोप में धारा 365 और 342 के तहत रिपोर्ट दर्ज किया गया है। सपा विधायक ने अपनी गिरफ्तारी पर रोक लगाने के लिए हाईकोर्ट के समक्ष गुहार लगाई है।
मंगलवार को सुनवाई के दौरान कोर्ट को सरकारी अधिवक्ता ने बताया कि उनके खिलाफ दर्ज रिपोर्ट में कई और धाराएं बढ़ाई गई हैं। इस पर याची के अधिवक्ता ने इसके सत्यापन करने की बात कही। कोर्ट ने उन्हें तीन दिन का समय दिया है।

