सहारनपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा की केंद्र और प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। मैंने कहा कि केंद्र सरकार सब कुछ बेचने पर लगी हुई है । ट्रेन बेच दी, बंदरगाह बेच दिया और इंडियन एयरलाइंस भी भेज दिया। ऐसी सरकार से सावधान रहने की जरूरत है।
तीतरों में हुई जनसभा में उन्होंने कहा कि धोखा देने वालों और झूठ बोलने वालों से सावधान रहें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नाम बदलने में लगे हैं। प्रदेश में कोई विकास कार्य नहीं कराया गया।
उन्होंने पश्चिमी यूपी के राजनीति की धुरी किसानों की नब्ज पर भी खूब हाथ रखा। पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह, भाकियू के संस्थापक चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत और पूर्व मंत्री चौधरी यशपाल सिंह का जिक्र कर भावनात्मक रूप से लोगों को अपने साथ जोड़ने की कोशिश भी करते नजर आए।
इसके अलावा लखीमपुर खीरी गोरखपुर और कानपुर की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा के राज में किसान कुचला जा रहा है, कानून को कुचलने की कोशिश की जा रही है और एक दिन ऐसा आएगा कि यह संविधान को भी कुचलने का काम भाजपा करेगी।

