गोंडा। लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय के विज्ञान कैंपस को जाने वाली सड़क की बदहाली से गुस्साए छात्र सड़क पर उतर आए। सैकड़ों की संख्या में छात्रों ने सड़क जाम कर दिया और नगर पालिका परिषद के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान छात्रों ने नगर निकाय को चुनाव को लेकर रोड नहीं तो वोट नहीं के नारे भी लगाए। मौके पर पहुंचकर पुलिसकर्मियों ने छात्रों को समझा बुझाकर शांत कराया।
महाविद्यालय के बीएससी कैंपस में जाने वाली सड़क की हालत खस्ता है। सड़क किनारे बनी नाली की स्थिति भी बदहाल है। रास्ते में जलभराव के कारण महाविद्यालय में जाने वाले छात्र.छात्राओं को पानी में से होकर जाना पड़ता है। इस सड़क को लेकर छात्रों ने सोशल मीडिया के माध्यम से नगर पालिका तक कई बार शिकायत दर्ज कराई लेकिन सुनवाई नहीं हुई।
सोमवार को नाराज छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा सैकड़ों की संख्या में छात्रों ने एलबीएस चौराहे से होकर अयोध्या को जाने वाली सड़क को जाम कर दिया और नगर पालिका परिषद के खिलाफ नारेबाजी की। छात्रों ने आगामी नगर निकाय के चुनाव को लेकर रोड नहीं तो वोट नहीं के नारे के साथ विरोध प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिसकर्मियों ने सड़क व नाली की मरम्मत का आश्वासन देकर रास्ते को खाली कराया।

