3 घंटे तक पिता और दोस्तों से बात की फिर फंदे से लटक गया युवा इंजीनियर

बिजनौर। युवा इंजीनियर ने करीब 3 घंटे तक अपने पिता और दोस्तों के साथ वीडियो कॉलिंग करके बात की। बातचीत के दौरान पिता को बेटे की हालत पर शक हुआ और उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी, लेकिन जब तक पुलिस मौके पर पहुंचती, तब तक युवा इंजीनियर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस को फंदे से लटकती हुई उसकी लाश मिली।

हाथरस जिले के गांव नंगला दुर्जी के रहने वाले अलबेल सिंह (३०) पुत्र रणवीर सिंह बिजनौर जल निगम में अवर अभियंता के पद पर तैनात थे। वह बिजनौर में अंबा विहार कॉलोनी में किराए पर रह रहे थे।

मृतक जेई के पिता रणवीर सिंह ने बताया कि शनिवार की शाम सात बजे से लेकर दस बजे करीब 3 घंटे तक अलबेल ने वीडियो कॉलिंग कर उनसे बात की थी। घर के सभी लोगों से बात की। रणवीर सिंह ने बताया कि उनके बेटे अलबेल ने कहा था कि पापा मेरे पास आ जाओ, यहां आकर रहो, हम आपकों बुला रहे हैं ना। इसके बाद फोन कट गया।

रणवीर सिंह ने बताया कि वह काफी तनाव में लग रहा था, जिसे वह समझ गए थे। इसीलिए उन्होंने डायल 112 को फोन किया। लेकिन, पुलिस के पहुंचने से पहले ही जेई अलबेल फांसी लगा चुका था। उसका शव पंखे में बंधी रस्सी पर लगाए गए फंदे में लटका हुआ था।

मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारा। मृतक के परिवार वालों को सूचना दी गई। प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम ने बताया कि घरेलू कलह के चलते जेई ने आत्महत्या की है। पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजन बिना किसी कार्रवाई के ही शव को अपने साथ ले गए। एसपी धर्मवीर सिंह ने बताया कि जेई ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है।

अलबेल को लड़की देखने जाना था

जेई को इसी सप्ताह लड़की देखने के लिए हाथरस जाना था। परिवार वालों को भी इन खुशी के लम्हों का बेसब्री से इंतजार था लेकिन, वह तो नहीं गया और उसका शव पहुंचा। परिवार की सारी खुशियां मातम में बदल गई।

advertisement at ghamasaana