गोंडा । कटरा बाजार थाना क्षेत्र के एक गांव में खेत में लगे कटीले तार के बाड़ पर ऊपर से गुजर रही 11 हजार की विद्युत लाइन का तार टूट कर गिरने से एक किशोर की चपेट में आने से मौत हो गई। साथ में गई मां व पांच साल की बहन भी झुलस गई। दोनों को अलग अलग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। किशोर के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा गया है।

कटरा थाना क्षेत्र के खेमपुर ग्राम पंचायत निवासी इसराइल की पत्नी शहनाज (43) अपने बेटे मुस्तकीम (16) तथा बेटी हसीना (5) को लेकर पास में खेत में लगी फसल को सुरक्षित करने के लिए कंटीले तार को लगाने और पहले लगे तार को कसने गये थे। इसी बीच बगल के किसान के खेत से होकर गुजरे गंभीर 11 हजार की विद्युत लाइन का तार टूट कर गिर गया। उसमे करंट था । जहां तार गिरा उस खेत में भी कटीले तार के बाड़ लगे हैं उसी से खेतों में जुड़कर लगे तार में करंट उतर आया।

इसकी चपेट में आकर मुस्तकीम की मौके पर ही मौत हो गई। मुस्तकीम की छोटी बहन हसीना गंभीर रूप से झुलस गयी। उसे बहराइच जिले चिरैया टांड़ सीएचसी ले जाया गया। गंभीर देखते हुए डाक्टर ने मेडिकल कॉलेज बहराइच रिफर कर दिया। मां शहनाज को सीएचसी कटरा में बाजार में भर्ती कराया गया है।

थाना प्रभारी चितवन कुमार ने बताया कि किशोर मुस्तकीम के शव का पंचनामा कराकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पावर कारपोरेशन के अवर अभियंता आदर्श ओझा ने बताया कि खंभे पर लगे इंसुलेटर से तार निकल कर जमीन पर गिर गया। जब तक तार गिरने की सूचना मिलती और शटडाउन लिया जाता तब तक घटना हो चुकी थी।