मुजफ्फरनगर l भोपा क्षेत्र के गांव बेलड़ा मे शादी की खुशियां दुल्हन की मौत से गम के माहौल में बदल गई। ससुराल पहुंचते ही दुल्हन की तबीयत अचानक खराब हो गई। आनन-फानन में उसे मुजफ्फरनगर के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां पर उपचार के दौरान दुल्हन की मौत हो गई। रविवार को दूल्हे की बहन की शादी थी। दुल्हन की मौत के बाद गमगीन माहौल में दूल्हे की बहन की शादी की रस्म अदा की गई।
थाना क्षेत्र के गांव बेलड़ा से शनिवार को एक युवक की बरात मुजफ्फरनगर शहर में गई थी। मुजफ्फरनगर में निकाह की सभी रस्मों को निभाने के बाद खुशी खुशी मायका वालों ने दुल्हन को विदा किया। देर रात जैसे ही दूल्हा-दुल्हन को अपने घर लेकर पहुंचा तो अचानक दुल्हन की तबीयत बिगड़ गई और वह अचेत हो गई। तुरंत ही उसे गांव के एक चिकित्सक को दिखाया। हालत चिंता जनक होने के कारण उसे आनन-फानन मे मुजफ्फरनगर स्थित एक प्राइवेट चिकित्सक के यहां ले जाया गया, जहां पर उपचार के दौरान दुल्हन की मौत हो गई।
दुल्हन की मौत से ससुराल और मायका पक्ष में गम का माहौल बन गया। दोनों परिवारों की सहमति से दुल्हन के शव को मायका में ले जाया गया, जहां पर गमगीन माहौल में शव को सुपुर्दे-ए खाक किया गया। रविवार को दूल्हे की बहन शादी थी जिसे गमगीन माहौल व सादगी के साथ विदा किया गया।

