बिजनौर। विकास कार्यों में भ्रष्टाचार का एक और मामला सामने आया है। जिले में एक सड़क का उद्घाटन करने पहुंचीं सदर विधायक सूची चौधरी ने जैसे ही नारियल फोड़ने के लिए सड़क में मारा तो नारियल नहीं फूटा, लेकिन सड़क टूट गई। जिसके बाद विधायक ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए वहीं धरना शुरू कर दिया। मामले की सूचना पर अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और सड़क के निर्माण में लगाई गई सामग्री का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा। डीएम ने सड़क निर्माण की जांच के लिए टीम का गठन कर दिया है। करीब सवा करोड़ रुपए में इस तीन किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण किया गया है।

सिंचाई विभाग ने हल्दौर के पास बालकिशनपुर चौराहे के नजदीक से होकर गुजर रही नहर की पटरी पर एक सड़क बनवाई थी। बृहस्पतिवार को करीब तीन किलोमीटर लंबी इस सड़क का उद्घाटन किया जाना तय हुआ। दोपहर के समय शहर विधायक सुचि मौसम चौधरी नवनिर्मित सड़क का उद्घाटन करने पहुंचीं। यहां उन्होंने जैसे ही नारियल सड़क पर मारा तो सड़क उस स्थान से टूट गई, लेकिन नारियल नहीं फूटा।

नई सड़क के इस तरह टूट जाने के बाद विधायक ने नाराजगी जताई और वहीं धरने पर बैठ गईं। उन्होंने प्रशासन से जांच कराने के लिए कहा। विधायक ने प्रशासनिक अफसरों से सड़क के सैंपल लेने को कहा, ताकि उसकी जांच कराई जा सके। जानकारी के अनुसार इस नवनिर्मित सड़क पर करीब सवा करोड़ रुपये खर्च हुए थे।
