मंडरा रहा ओमिक्राम का खतरा, यहां आरटीपीसीआर लैब में जरूरी संसाधन ही नहीं

बागपत। जिले में कोरोना की आरटीपीसीआर जांच के लिए सरूरपुर कलां में लैब का निर्माण कराया था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 21 नवंबर को लैब का ऑनलाइन उद्घाटन किया था। केमिकल न मिलने से लैब में जांच शुरू नहीं हो पाई है। कोरोना संक्रमित मिलने पर आरटीपीसीआर जांच के लिए नमूना नोएडा लैब भेजना पड़ेगा। यह हाल तब है जब देश के ऊपर कोरोना वायरस के वेरिएंट ओमिक्राम का खतरा मंडरा रहा है।

कोरोना संक्रमितों की जांच रिपोर्ट जल्दी मिले और समय पर संक्रमितों का उपचार कराया जा सके। इसके लिए सरूरपुर कलां में आरटीपीसीआर लैब का निर्माण कराया गया था। लैब का उद्घाटन होने के लगभग दो सप्ताह बीतने के बाद भी जांच शुरू नहीं हुई है।

शासन स्तर से अभी तक लैब में जांच के लिए केमिकल उपलब्ध नहीं कराया गया है। केमिकल न मिलने से लैब शुरू नहीं हो पाई है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि लैब शुरू करने के लिए जल्द ही केमिकल मिलने की उम्मीद है। सीएमओ डॉ. दिनेश कुमार का कहना है कि लैब में जांच शुरू करने के लिए केमिकल नहीं मिला है और न ही जांच करने के निर्देश मिले हैं। केमिकल और शासन के निर्देश मिलते ही जिला स्तर पर आरटीपीसीआर जांच शुरू की जाएगी।

advertisement at ghamasaana