बिजनौर। हीमपुर दीपा क्षेत्र के गदनपुरा गांव के जंगल में गुलदार ने माहे के बच्चे को अपना शिकार बना लिया। सूचना के बाद देरी से पहुंचने पर वन विभाग की टीम को किसानों ने तीन घंटे तक बंधक बनाए रखा।
हीमपुर दीपा थाना क्षेत्र के गांव गदनपुरा के जंगल में गुलदार द्वारा माहे के बच्चे को शिकार बनाने की सूचना पर किसान जंगल की ओर दौड़ पड़े। किसानों ने मौके पर पहुंचकर गुलदार को किसान अनूप के बाजरे के खेत में घेर लिया। सूचना स्थानीय पुलिस व वन विभाग को दे दी।
किसान गुलदार को बाजरे के खेत में घेरे रखे और टीम का इंतजार करते रहे। वन विभाग की टीम काफी देर बाद मौके पर पहुंच गई। टीम गुलदार को पकड़ने के लिए जाल लगा ही रही थी कि गुलदार टीम के सामने ही बाजरे के खेत से निकल कर भाग गया। ऐसा देख वहां मौजूद किसान टीम पर देरी से आने को लेकर आक्रोशित हो गए और प्रदर्शन करते हुए टीम को बंधक बना लिया।
बड़े अधिकारी के मौके पर पहुंचने की मांग करने लगे। सूचना पर तीन घंटे बाद मौके पर पहुंचे, वन विभाग के एसडीओ ने किसानों को शांत कर मौके पर गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगवा दिया। इस दौरान वन विभाग की टीम को बंधक बनाने में मांगेराम, सहदेव सिंह, धर्मेंद्र, प्रधान कुलदीप, भाकियू नेता कल्याण सिंह प्रधान सुरेंद्र सिंह, सुरेंद्र सिंह, सतपाल सिंह, अनूप सिंह, पवन सिंह आदि शामिल रहे।
