बस्ती। बलिया में यूपी बोर्ड की अंग्रेजी विषय का प्रश्न पत्र आउट होने के बाद सरकार काफी सख्त हो गई है। प्रश्नपत्र से लेकर हर चीज की बहुत ही बारीकी से जांच की जा रही है। इसमें अगर कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। ताजा मामला बस्ती जिले का है। जहां एक बसपा नेता के स्कूल में धड़ल्ले से नकल का खेल चल रहा था। इस मामले में भी सख्त कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं।
बसपा नेता आलोक रंजन के स्कूल गौतम बुद्ध मुरारी देवी इंटर कॉलेज में यूपी बोर्ड की परीक्षाओं का सेंटर है। यहां कई अनियमितताएं पाई गई हैं। एक तो यहां धड़ल्ले से नकल होने की सूचना प्रशासन को मिली है। इसके अलावा यहां परीक्षार्थियों द्वारा लिखी गई कई कापियों में 500-500 रुपये के नोट बरामद किए गए है। इतना ही कॉलेज में तैनात स्टेटिक स्टेटिक मजिस्ट्रेट ने यहां के एक बाबू को रंगे हाथ पकड़ा है।
इसके बाद नगर थाने में प्रबंधक सहित दो बाबू पर एफआईआर दर्ज कराई गई है। इस मामले जिलाधिकारी ने कहा कि यूपी बोर्ड परीक्षाओं को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कोई ऐसा करते हुए पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
