नई दिल्ली। छह साल की एक छोटी सी बच्ची पेट दर्द से परेशान थी लेकिन इसकी वजह सामने नहीं आ पा रही थी। फिर अस्पताल में भर्ती होने पर जो पता चला वह काफी चौंकाने वाला था। बच्ची के पेट से डॉक्टरों ने 1.5 किलो बालों के गुच्छे निकाले हैं जिनकी वजह से उसके पेट में दर्द हो रहा था।
मामला हरियाणा के पंचकूला का है और बच्ची की बाल खाने की आदत के बारे में उसके माता-पिता को कोई खबर ही नहीं थी. लेकिन डॉक्टरों ने काफी मशक्कत के बाद उसका ऑपरेशन कर बालों के गुच्छे को पेट से निकालने में कामयाबी हासिल की है।
दरअसल 6 साल की इस बच्ची को जब पेट दर्द की शिकायत हुई तो उसे सेक्टर-6 के सिविल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। फिर बच्ची के मेडिकल टेस्ट होने पर पेट के अंदर बालों के होने का पता चला, जिसकी वजह से उसे दर्द की शिकायत थी।
बच्ची के पेट में इतनी सारे बाल कैसे जमा हो गए इस बारें में डॉक्टर खुलकर तो कुछ भी नहीं कह रहे हैं. लेकिन उनका कहना है कि कभी-कभी बच्चे अपने खुद के बाल खाते हैं और ऐसा मानसिक स्थिति की वजह से हो सकता है. शायद इसी आदत की वजह से बच्चे के पेट में 1.5 किलो बाल जमा हो गए थे.
अस्पताल के सर्जन डॉक्टर विवेक भादू ने बताया कि बच्ची की हालत अब ठीक है लेकिन उसे फिलहाल निगरानी में रखा गया है और जल्द ही उसे डिस्चार्ज कर दिया जाएगा। परिजनों ने इस सफल ऑपरेशन के लिए डॉक्टरों की पूरी टीम का आभार जताया है।

