सहारनपुर। अंबेहटा कस्बे के मोहल्ला पासरा में शनिवार सुबह एक युवक ने फंदे पर लटककर आत्महत्या कर ली। युवक की जेब से सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उसने अपनी मौत के लिए ससुराल वालों को जिम्मेदार ठहराया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कस्बे के मोहल्ला पासरा निवासी दिवेश गुप्ता उर्फ छोटू (28) ने शनिवार की सुबह अपने मकान के ऊपर बने कमरे में पंखे से रस्सी बांधकर फंदे पर लटक गया। परिवार के लोगों द्वारा शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तथा शव को नीचे उतारा।
सूचना पर कोतवाल नकुड़ उमेश रोरिया, चौकी प्रभारी प्रमोद कुमार मौके पर पहुंचे तथा शव को पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृतक के पिता कपिल गुप्ता ने बताया कि दिवेश की शादी 2016 में शामली निवासी युवती से हुई थी, परंतु शादी के कुछ समय बाद से ही उसके पुत्र व पुत्रवधू के बीच मतभेद हो जाने के कारण जिम्मेदार लोगों ने फैसला करा दिया था। इसके बाद दोनों ने एक दूसरे को दूसरी शादी के लिए सहमति जता दी थी। इसके बाद दिवेश की दूसरी शादी 2021 में रुड़की निवासी एक लड़की से हो गई।
कपिल गुप्ता ने बताया कि रुड़की वाली लड़की के माता-पिता ने दोनों के बीच मतभेद पैदाकर शामली वाली लड़की के माता-पिता से सांठगांठ कर दिवेश और उनके खिलाफ अनेक झूठे मुकदमे दर्ज करा दिये। आरोप है कि ससुराल वालों ने दिवेश को आत्महत्या के लिए मजबूर कर दिया। कोतवाली प्रभारी नकुड़ उमेश रोरिया का कहना है कि तहरीर मिली है, रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

