गोंडा। परसपुर में बाइक की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हुए अधेड़ की जिला हास्पिटल में उपचार के दौरान मौत हो गई। उसकी मौत से परिजनों में कोहराम मच गया । पुलिस उसकी पत्नी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
ब्लॉक परसपुर क्षेत्र के ग्राम सभा दुर्गोड़वा निवासी शिव कुमारी पत्नी राधे श्याम ने थाने पर तहरीर देकर अज्ञात मोटरसाइकिल सवार पर मुकदमा दर्ज करवाया है। उन्होंने बताया कि 24 सितंबर की दोपहर करीब ढाई बजे बेलवा चौराहा से उसके पति अपने पालेशर मशीन से धर्मनगर स्थित अपनी आंटा चक्की पर गए हुए थे। चक्की को बंद कराकर अपने पुत्र अर्जुन के साथ अपनी साइकिल से वापस बेलवा चौराहा आ रहे थे ।
रास्ते में आईटीआई स्कूल के पास पहुंचे ही थे कि पीछे से लापरवाही से बाइक चलाते हुए एक युवक आया और पति के साइकिल में टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गये। स्थानीय लोगों ने उपचार के लिए उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी मौत हो गयी। प्रभारी निरीक्षक शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर कार्रवाई शुरू कर दी गयी है शव जिला अस्पताल से पोस्टमार्टम के लिए भेजी गई है।

