गोंडा। जिले के बभनान कस्बे के जमुनहां गांव में बदमाशों ने गल्ला व्यापारी का अपहरण कर सनसनी फैला दी। अपहरण के बाद बदमाशों ने व्यापारी के परिजनों को फोन करके दस लाख की फिरौती मांगी है। दिनदहाड़े अपहरण से क्षे़त्र में दहशत का माहौल हो गया। पुलिस की सक्रियता से बदमाश व्यापारी को गन्ने के खेत में फेंक कर फरार हो गए।
वारदात छपिया थाना क्षे़त्र में बभनान कस्बे में सुबह साढ़े नौ के करीब की है। जमुनहां गांव के सामने सड़क पर शील प्रकाश उर्फ बबलू गुप्ता की गल्ले की दुकान है। रविवार सुबह उनके पास एक फोन आया, जिसमें उनसे अनाज के बारे में खरीद फरोख्त की बात की गई। इसके बाद कुछ लोग वहां कार से पहुंचे और खरीदारी करने के बहाने दुकान में घुस गए। इसके बाद उन लोगों ने व्यापारी को बोरे में भर लिया और कार में लेकर जाने लगे।
इस बीच परिजनों को इसका पता चल गया। उन लोगों ने शोर मचाया जिससे आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई। इस बीच किसी ने मामले की सूचना पुलिस को दे दी। पुलिस मौके पर पहुंचती कि व्यापारी के परिजनों के मोबाइल पर बदमाशों का फोन आ गया और उन लोगों ने व्यापारी को छोड़ने के लिए दस लाख की फिरौती मांगी। इतनी बड़ी रकम सुनकर व्यापारी के परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। मौके पर पहुंची पुलिस को परिजनों ने पूरे मामले की जानकारी दी।
इसके बाद पुलिस ने भी परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार बदमाशों का पीछा करना शुरू कर दिया और जल्द ही बदमाश पुलिस की जद में आ गए। बदमाश पकड़े जाने की डर से घबरा गए। अपने को घिरा समझकर अपहरणकर्ता व्यवसाई को जगन्नाथपुर गांव के पास गन्ने के खेत में धक्का देकर फरार हो गए। व्यापारी के सकुशल मिलने से परिजनों ने चैन की सांस ली, वहीं क्षेत्र के लोगों ने पुलिस इस तरह की घटनाओं पर लगाम लगाने की मांग की है।

