वृद्धा को बंधक बनाकर 7.60 लाख के जेवरात और 40 हजार रुपये लूट ले गए बदमाश

बुलंदशहर। पहासू थाना क्षेत्र के गांव अटेरना में घर में घुसकर नकाबपोश बदमाशों ने तमंचे के बल पर वृद्धा को बंधक बनाकर 7.60 लाख रुपये कीमत के जेवरात और 40 हजार रुपये नकदी लूट ली। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका।

थाना क्षेत्र के गांव अटेरना निवासी प्रदीप कुमार ने तहरीर देकर बताया कि वह नोएडा में एक निजी कंपनी में काम करते हैं। गांव में उनके माता-पिता, पत्नी और बच्चे रहते हैं। बताया कि बीते दिनों ही उनकी पत्नी कुछ दिन के लिए मायके गई थी। घर पर उनकी माता कमलेश देवी और पिता रामेश्वर सिंह थे। बुधवार रात कमलेश देवी घर में अकेली सो रही थीं। जबकि, प्रदीप के पिता रामेश्वर सिंह घेर पर सो रहे थे। देर रात करीब ढाई बजे छत के रास्ते दो नकाबपोश बदमाश घर में अंदर घुस आए।

बदमाशों के घर में घुसने पर आहट होने पर कमलेश देवी की नींद खुल गई। तभी बदमाशों ने तमंचा दिखाते हुए उन्हें धमकाया और बंधक बना लिया। इसके बाद लुटेरों ने आलमारी का ताला तोड़कर सोने की चेन, सोने की अंगूठी, कानों की झुमकी, सोने के कंगन सहित करीब 16 तोले सोने के जेवरात और 14 तोला चांदी के जेवरात समेत 40 हजार रुपए लूट लिए। जेवरातों की कीमत करीब 7.60 लाख रुपये आंकी जा रही है। बताया गया कि लूट के बाद बदमाश उन्हें हत्या की धमकी देते हुए फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद कमलेश देवी ने शोर मचाया तो आस पड़ोस के लोग भी आ गए।

मामले में तहरीर के आधार पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। जल्द ही बदमाशों की शिनाख्त कर गिरफ्तार कर राजफाश कर दिया जाएगा – संतोष कुमार सिंह, एसएसपी

advertisement at ghamasaana