बिजनौर। पिछले कई दिनों से क्षेत्र और आसपास के जिलों में बच्चा चोरी की अफवाहें उड़ती रही हैं। इतना ही नहीं इस चक्कर में कई बार निर्दोषों को भी अपनी जान से हाथ धोना पड़ा। पुलिस की तमाम कोशिशों के बाद कहीं जाकर इस तरह के मामलों में कमी आई। अचानक फिर ऐसी घटना होने पर लोग चौकन्ना हो गए। इस बार यह घटना हल्दौर क्षेत्र में हुई है।
हल्दौर क्षेत्र के गांव अम्हेड़ा के निकट शनिवार को एक साधु एक बच्ची को चोरी करके ले जा रहा था। उसने साइकिल पर बच्ची को एक बड़े थैले में डाल रख था और सल्लाहपुर मार्ग की ओर ले जा रहा था। इस बीच परिजनों ने शक होने पर उसे पकड़ लिया। इसके बाद ग्रामीणों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची अम्हेड़ा पुलिस उसे अपने साथ ले गई।
ग्रामीणों के अनुसार साधु हीमपुर दीपा क्षेत्र के गांव ननुपुरा निवासी केहर सिंह चांदपुर क्षेत्र के गांव मिठनपुर चमडौला के एक मंदिर में रहता था। वह कुछ दिनों से अपने गांव में रह रहा था। साधु ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि वह गांव सल्लाहपुर निवासी अपने बहनोई वीरेंद्र सिंह के यहां जा रहा था। पुलिस का कहना है कि पीड़ित पक्ष से तहरीर मिलने पर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

