बागपत। गढ़ी कलंजरी गांव में शनिवार रात करीब 12 बजे एक मकान के कमरे में सो रहे तीन माह के बच्चे को एक बन्दर उठाकर ले गया। बाद में यह बच्चा पानी की टंकी में मृत पड़ा मिला। माना जा रहा है कि पानी में डूबने और ठण्ड के कारण बच्चे की मौत हुई है।
गढ़ी कलंजरी गांव के निवासी प्रिंस को तीन माह पहले ही यह बेटा केशव पैदा हुआ था। बताया जा रहा है कि यह बच्चा रात में अलग सो रहा था। रात में ही किसी समय बंदर केशव को बंदर उठा कर ले गया।
बच्चा न दिखने पर परिजनों ने उसकी घंटो तलाश की लेकिन उसका पता नही लगा। जैसे ही परिजन घर की छत पर पहुँचे तो वहां बच्चा पानी की टंकी में पड़ा मिला। परिजन उसे दिल्ली के अस्पताल ले गए जहां बच्चे को मृत घोषित कर दिया।
इस घटना से जहाँ परिवार में ग़म का माहौल है। वहीं गाँव में अधिकारियों के ख़िलाफ़ रोष व्याप्त है कि गाँव से बंदर नहीं पकड़वाए जा रहे थे। जबकि वो कई बार इसकी माँग कर चुके है।

