गोण्डा। जनपद बलिया में यूपी बोर्ड इंटर मीडिएट परीक्षा में अंग्रेजी विषय के लीक हुए प्रश्नपत्र मामले में जनपद गोण्डा में प्रश्नपत्रों के पैकेट खोले तो नहीं गए हैं अथवा छेड़छाड़ तो नहीं की गई है, चेक कराने के लिए डीएम के निर्देश पर मुख्य राजस्व अधिकारी जयनाथ यादव व पुलिस बल की मौजूदगी में जनपद के 142 परीक्षा केन्द्रों के प्रश्नपत्रों के बन्डलों की सघन चेकिंग की गई।
जिलाधिकारी डाॅ. उज्ज्वल कुमार तथा एसपी संतोष कुमार मिश्रा ने स्वयं प्रश्नपत्रों के बण्डलों को चेक किया। चेकिंग में जनपद में एक भी विद्यालय का प्रश्नपत्र का पैकेट खुला या छेड़छाड़युक्त नहीं पाया गया। जिलाधिकारी के आदेश पर जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा प्रश्नपत्रों को डबल लाॅक में ट्रेजरी में जमा करा दिया गया है।
