नई दिल्ली। रूसी सेनाओं ने यूक्रेन पर बड़ा सैन्य हमला बोल दिया है। रूस, यूक्रेन के खिलाफ लगातार आक्रामक रुख अपनाता जा रहा है। यूक्रेन में रूस का हमला लगातार जारी है। यूक्रेन लगातार दुनियाभर के बड़े देशों से मामले में हस्तक्षेप की गुहार लगा रहा है। यूक्रेन में रूस की सैन्य कार्रवाई के बाद यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा है कि रूस कितनी भी कोशिश क्यों न कर ले हम उसके सामने झुकने वाले नहीं हैं।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि हम रूस के हर हमले का करारा जवाब देंगे। यूक्रेन की सेना सरेंडर नहीं करेगी। यूक्रेन आम नागरिकों को भी हथियार देगा। सभी पूर्व सैनिकों को छोटे हथियार दिए जाएंगे। यूक्रेन पूर्व सैनिकों को भी युद्ध में उतारेगा। यूक्रेन के राष्ट्रपति ने कहा कि हमले के बाद से हमने रूस संग सभी कूटनीतिक रिश्ते खत्म कर दिए हैं। यूक्रेन के राष्ट्रपति ने वैश्विक नेताओं से अपील करते हुए हथियार देकर रूस से लड़ने में मदद करने को कहा है।

यूक्रेन के अलग-अलग हिस्सों में गुरुवार सुबह धमाके सुनाई दिए। ताजा जानकारी के अनुसार रूस द्वारा यूक्रेन की राजधानी कीव में 12 धमाके किए गए हैं। दूसरी तरफ यूक्रेन ने दावा किया है कि उसने भी रूसी सेना को नुकसान पहुंचाया है। यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय की तरफ से ताजा बयान आया है। इसमें कहा गया है कि उन्होंने रूस के छह प्लेन मार गिराए हैं। इसके अलावा 50 रूसी सैनिक मारे गए हैं और 2 टैंक भी नष्ट किए गए हैं।