रात को बनी सड़क, सुबह होते ही उखड़ गई, ठेकेदार के खिलाफ व्यापारियों ने किया हंगामा

बुलंदशहर। सड़क निर्माण में धांधली को लेकर बुधवार को व्यापारियों ने नगर पालिका के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने आरोपी ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए नारेबाजी की। व्यापारियों ने मांग की कि ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ब्लैक लिस्टेड किया जाए।

नगर पालिका ने रोडवेज बस स्टैंड से करीब 850 मीटर सड़क बनाने और चौड़ीकरण के लिए 85 लाख रुपये का टेंडर जारी किया था। ठेकेदार ने सोमवार रात कार्य शुरू तो किया, लेकिन वह नियम भूल गए कि 15 डिग्री से कम तापमान के समय में तारकोल की सड़क मजबूती नहीं दे पाती है। सड़क का निर्माण हुआ और हाल भी वही हुआ कि सुबह होने से पहले ही सड़क पर रोड़ी फैल गई।

संबंधित क्षेत्र दो वार्ड में पड़ने के बाद भी दोनों सभासदों की ओर से इस मामले में कोई आवाज नहीं उठाई गई है। बुधवार को ठेकेदार की लापरवाही के खिलाफ व्यापारियों ने प्रदर्शन किया। उद्योग व्यापार मंडल के बैनर तले प्रदर्शन करते हुए व्यापारियों ने नगर पालिका के खिलाफ हंगामा किया। आरोप लगाया कि नगर पालिका भ्रष्टाचार में डूबी हुई है और कमीशनखोरी के कारण ऐसी ही जनता के रुपयों की बर्बादी की जा रही है। चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही सड़क का निर्माण गुणवत्ता और मानकों के साथ नहीं किया गया तो व्यापारी सड़क पर उतरकर नगर पालिका के खिलाफ आंदोलन करेंगे। मौके पर नीरज अग्रवाल, अमित, शाहरुख खान, दीपक, मुदित राणा, विनोद कुमार मौजूद रहे।

अब दिन में कार्य कराने की तैयारी
नगर पालिका अधिकारियों ने बुधवार को कर्मचारियों को मौके पर भेजकर सड़क पर फैली रोड़ी को साफ कराते हुए चूना डलवाया। अब अधिकारी दावा कर रहे हैं कि रात में तापमान का स्तर काफी गिरने के कारण अब दिन में कार्य कराने की तैयारी की जा रही है। शुक्रवार से दिन में कार्य कराते हुए अगले सप्ताह तक कार्य पूरा कराया जाएगा।

advertisement at ghamasaana