बद्रीनाथ धाम के दर्शन को गए सहारनपुर के मसाला व्यापारी की अचानक तबीयत खराब हो गई।
पुलिस ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पर चिकित्सकों ने कारोबारी को मृत घोषित कर दिया। व्यापारी की मौत की सूचना के बाद सहारनपुर में भी शोक की लहर दौड़ गई। परिजन बद्रीनाथ पहुंच गए हैं।
थाना सदर बाजार क्षेत्र के शंकर विहार निवासी अवध बिहारी अग्रवाल मसाला व्यापारी थे। शनिवार सुबह वह बड़े भाई श्याम बिहारी और छोटे भाई राम बिहारी के साथ बद्रीनाथ के दर्शन करने के लिए गए थे। रविवार सुबह सभी ने बद्रीनाथ के दर्शन किए। परिजनों के मुताबिक, बद्रीनाथ के दर्शन करने के बाद वह लौटने की तैयारी कर रहे थे कि अचानक अवध बिहारी अग्रवाल की तबीयत अचानक खराब हो गई, जिसके बाद बद्रीनाथ में तैनात पुलिस ने उन्हें परिजनों की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पर चिकित्सकों ने अवध बिहारी अग्रवाल (66) को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।
अवध बिहारी के छोटे बेटे अगम बिहारी अग्रवाल ने बताया कि सुबह सभी ने बद्रीनाथ मंदिर में दर्शन किए थे लेकिन, अवध बिहारी अग्रवाल ने एक बार फिर से दर्शन करने की इच्छा जाहिर की थी। जिसके बाद वह अंदर दर्शन को चले गए। उस समय वहां पर भगवान शिव का अभिषेक हो रहा था। अभिषेक के दर्शन करते समय ही उनकी तबीयत खराब हो गई थी।
बद्रीनाथ में अवध विहारी अग्रवाल की मौत की खबर से सहारनपुर में भी शोक की लहर दौड़ गई है। परिजन बद्रीनाथ के लिए निकल गए। जबकि, घर पर बड़ी संख्या में लोग दुख प्रकट करने के लिए पहुंच रहे हैं।

