शामली। दिल्ली-सहारनपुर रेलवे मार्ग पर स्थित एलम रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार की सुबह अचानक ही पैसेंजर ट्रेन संख्या. 64026 के ब्रेक जाम हो गए। जिससे यात्रियों में अफता तफरी मच गर्ठ। ट्रेन करीब दो घंटे तक खड़ी रही, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। छह से अधिक ट्रेनें प्रभावित रही। दिल्ली से आई इंजीनियरिंग की टीम ने कार्य शुरू कियाl
मामला कांधला थाना क्षेत्र के कस्बा एलम रेलवे स्टेशन का है। शुक्रवार की सुबह सहारनपुर से दिल्ली जाने वाली पैसेंजर ट्रेन संख्या. 64026 एलम के रेलवे स्टेशन पर अपने नियत समय सुबह 10 बजे पहुंची थी। लेकिन जब कुछ समय बाद लोको पायलट द्वारा ट्रेन को चलाने का प्रयास किया गया तो ट्रेन के ब्रेक एकाएक जाम हो गए और काफी प्रयासों के बाद भी ट्रेन नहीं चल सकी। जिसके चलते रेलवे विभाग में खलबली मच गई।
स्थानीय रेलवे अधिकारियों ने मामले की सूचना रेलवे विभाग के उच्च अधिकारियों को दी। जिसके बाद दिल्ली से एक इंजीनियरों की टीम एलम रेलवे स्टेशन पर पहुंची। जहां टीम के द्वारा ट्रेन को ठीक करने के प्रयास जारी है। पैसेंजर ट्रेन के ब्रेक जाम होने के कारण उक्त रूट पर चलने वाली 6 से अधिक ट्रेन भी बाधित हुई है। बताया जा रहा है कि ब्रेक जाम होने के कारण पैसेंजर ट्रेन करीब 2 घंटे से एलम के रेलवे स्टेशन पर खड़ी हुई है और ट्रेन में सवार सैकड़ो यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में परेशानियों का सामना करना पड़ा है। समाचार लिखे जाने तक इंजीनियरों की टीम ट्रेन को ठीक करने में जुटी हुई थी।

