गलवान के शहीद की पत्नी ने पूरा किया सपना, सेना में लेफ्टिनेंट बनी

नई दिल्ली। मध्य प्रदेश के रीवा जिले के फरेदा गांव के रहने वाले वीर चक्र से सम्मानित शहीद दीपक सिंह की पत्नी रेखा सिंह ने अपने पति का सपना पूरा करते हुए सेना में लेफ्टिनेंट बनने का गौरव हासिल किया है। 28 मई से चेन्नई में उनका प्रशिक्षण शुरू होगा। उन्होंने कहा कि वह अपने पति का सपना पूरा करने और बहनों को सही राह दिखाने सेना में आई है। रेखा को प्रथम प्रयास में सफलता नहीं मिली थी, लेकिन वह हताश नहीं हुई और दूसरे प्रयास में उनका चयन भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर हो गया। 28 मई से वह चेन्नई में प्रशिक्षण लेंगी, जिसके बाद वह सेना में अपनी सेवाएं देंगी।

शादी से पहले रेखा सिंह जवाहर नवोदय विद्यालय सिरमौर में शिक्षिका के रूप में कार्य कर रही थीं। उच्च शिक्षित रेखा के मन में शिक्षक बनकर समाज की सेवा करने के सपने थे। शादी के बाद उनके पति ने दीपक सिंह ने उन्हें सेना में अधिकारी बनने के लिए प्रेरित किया। रेखा ने अपने पति के शहीद होने के बाद उनके सपने को पूरा करने का संकल्प लिया और इसमें उनके ससुरालवालों ने भी उनका सहयोग किया। रेखा सिंह को उनके पति के शहीद होने के बाद मध्य प्रदेश शासन की तरफ से शिक्षाकर्मी वर्ग दो में नियुक्ति भी दी गई।

advertisement at ghamasaana