देहरादून। भाजपा अभी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की उप चुनाव में जीत का जश्न अच्छे से मना भी नहीं पाई है, कि रुद्रप्रयाग में जिला पंचायत अध्यक्ष की सीट पर बड़ा संकट आ खड़ा हुआ है। पार्टी के 4 सदस्यों के साथ ही कांग्रेस समर्थित 10 सदस्यों सहित कुल 14 सदस्यों ने जिला पंचायत अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव डीएम को सौंपा है। उन्होंने जिलाधिकारी से मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की है।
जिला पंचायत अध्यक्ष के प्रति सदस्यों की नाराजगी नई नहीं है। विस चुनाव से पहले भी अविश्वास प्रस्ताव की चर्चाएं जोरों पर थीं। तब, जिपं अध्यक्ष अमरदेई शाह की सीट बच गई थी। लेकिन, शनिवार रात्रि लगभग 8 बजे नाराज जिपं सदस्य जिलाधिकारी के कैंप कार्यालय पहुंचे और उन्हें जिपं अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव सौंपा।
अविश्वास प्रस्ताव देने वाले सदस्यों का कहना है कि कहना है कि जिपं अध्यक्ष अपनी मनमानी कर रही हैं। बिना सदस्यों को विश्वास में लिए कार्य किए जा रहे हैं। यहां तक कि बोर्ड व सदन को बताए बिना ही चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की नियुक्ति कर दी गई है। साथ ही केदारनाथ यात्रा में घोड़े-खच्चरों के संचालन से लेकर पार्किंग में बिना किसी सूचना के एक व्यक्ति को बिस्तर लगाने का काम भी सौंप दिया गया।
दूसरी तरफ जिपं अध्यक्ष अमरदेई शाह का कहना है कि सदस्यों ने कभी भी उनसे किसी भी विषय में कोई बात नहीं की है। बोर्ड बैठकों में भी अपनी नाराजगी नहीं जताई है। उन्होंने कहा कि उन्हें अविश्वास प्रस्ताव के बारे में कोई जानकारी नहीं है। अगर, सदस्य नाराज हैं, तो उनकी नाराजगी दूर की जाएगी।

