Bagpat news : जिला बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष के घर लूट करने जा रहे तीन बदमाश गिरफ्तार

Three miscreants arrested in bagpat

बागपत। जिला बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष के घर लूट करने जा रहे तीन बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। दो बदमाश लुहारी गांव के रहने वाले है तो एक मुजफ्फरनगर के औली माजरा गांव का बदमाश है। पुलिस ने बदमाशों के पास से एक पिस्टल, एक तमंचा, चार कारतूस व एक बाइक बरामद की।

एसपी नीरज कुमार जादौन के अनुसार पुलिस को सूचना मिली कि कुछ बदमाश लूट की वारदात को अंजाम देने के लिए बागपत आ रहे है। मुखबिर की सूचना पर बागपत कोतवाली पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू कर दी तो लक्ष्य पब्लिक स्कूल के पास पुलिस टीम की बदमाशों के सा‌थ मुठभेड़ हो गई। जिसमें मुजफ्फरनगर के औली माजरा गांव का बदमाश राहुल, लुहारी गांव के गौरव व शुभम को गिरफ्तार किया।

एसपी के अनुसार पकड़े गए बदमाशों ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने जिला बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष विजयपाल तोमर के घर में लूट की योजना बनाई थी और उसे अंजाम देने जा रहे थे। उनको कचहरी परिसर से पता चला था कि किसी जगह से पूर्व अध्यक्ष के घर करोड़ों रुपये आए है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।

गिरफ्तार किए गए बदमाशों में राहुल निवासी औली माजरा काफी शातिर है, जिसके ‌खिलाफ हत्या, लूट, डकैती समेत 14 मुकदमे दर्ज है। जो कचहरी में आता रहता है और वहीं से उसे जिला बार के पूर्व अध्यक्ष के घर में करोड़ों रुपये आने की जानकारी मिली थी। उसने लुहारी गांव के गौरव व शुभम को लेकर योजना बनाई।

जिला बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष विजयपाल तोमर का कहना है कि मुझे पता नहीं कि बदमाश कौन है और उन्होंने क्यो लूटपाट की योजना बनाई। मैं साधारण वकील हूं और मेरे पास पैसा भी नहीं है। न ही मेरी किसी से कोई रंजिश है। मुझे पुलिस से ही पता चला कि कुछ बदमाश मेरे घर में लूटपाट करने की योजना बना रहे थे।

advertisement at ghamasaana