खनन माफिया हाजी इकबाल पर कसा शिकंजा, जब्त होगी 203 करोड़ की संपत्ति

former MLC Haji Iqbal in troubles

सहारनपुर। खनन माफिया हाजी इकबाल पर शिकंजा कसता ही जा रहा है। 128 करोड़ की संपत्ति जब्त करते बाद अब उसकी 203 करोड़ की 148 संपत्तियों जब्त करने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए जिलाधिकारी ने आदेश जारी कर दिए हैं। जल्द ही ये सारी संपत्ति जब्त कर ली जाएगी। उधर हाजी इकबाल को गिरफ्तार करने के लिए कवायद तेज कर दी गई है।

खनन माफिया पूर्व एमएलसी हाजी इकबाल पर गैंगस्टर एक्ट, दुष्कर्म, जमीन कब्जाने, धोखाधड़ी, डकैती और अवैध खनन समेत अनेक मामले दर्ज है। बीते एक सप्ताह में ही हाजी इकबाल के खिलाफ थाना मिर्जापुर और बेहट में गैंगस्टर एक्ट, डकैती आदि के तीन मामले और दर्ज हुए हैं।

वह अनेक मामलो में वांछित है और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित है। अब पुलिस-प्रशासन ने हाजी इकबाल, उसके भाई और पुत्रों के अलावा इसके गैंग के सदस्यों के नाम 148 संपत्ति चिंहित की हैं, जो थाना मिर्जापुर, कोतवाली बेहट, थाना फतेहपुर, कोतवाली सदर बाजार और थाना जनकपुरी क्षेत्र सहित जनपद के अनेक इलाकों में है। इनमें कई बेनामी संपत्ति भी है।

पुलिस ने इन संपत्तियों को चिंहित कर कुर्क करने के लिए जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजी थी। जिलाधिकारी ने 203 करोड़ की इन संपत्तियों को कुर्क करने के आदेश दिए हैं। पुलिस-प्रशासन जल्द कुर्की की कार्रवाई करेगा। एसएसपी डॉ विपिन ताडा ने बताया कि हाजी इकबाल की 203 करोड़ रुपये की 148 संपत्तियों को जल्द जब्त किया जाएगा। इसके लिए जिलाधिकारी द्वारा आदेश जारी कर दिए गए हैं।

advertisement at ghamasaana