सहारनपुर। बेहट में सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक फोटो वायरल होने से परेशान अनुसूचित जाति की 20 वर्षीय बीए की छात्रा ने जहर खाकर खुदकुशी कर ली। आरोप है, कि खुदकुशी से पहले छात्रा अपनी मां के साथ फोटो वायरल करने के आरोपी दूसरे समुदाय के पड़ोसी युवकों के खिलाफ कार्रवाई के लिए कोतवाली भी गई थी, लेकिन पुलिस ने उसकी सुनवाई नहीं की। सुसाइड नोट में छात्रा ने अपनी मौत का जिम्मेदार इन्हीं दोनों युवकों को बताया है, जो सगे भाई है। पीड़िता की मां ने आरोपियों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है।
कस्बा बेहट के मोहल्ला माजरी निवासी महिला ने बताया कि उसकी बेटी बीए की छात्रा थी। आरोप है, कि पड़ोस में रहने वाले दूसरे समुदाय के दो युवकों ने धोखे से उसकी बेटी के आपत्तिजनक फोटो खींच लिए थे और उसकी बेटी को ब्लैकमेल कर रहे थे। जब उसकी बेटी ने उनकी बात नहीं मानी तो उन्होंने फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए। बृहस्पतिवार की रात में उसकी बेटी को फोटो वायरल होने का पता चला, तो उसने उसे बताया, जिसके बाद वह आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए उसे लेकर बेहट कोतवाली पहुंची।
आरोप है, कि पुलिस ने उनकी कोई सुनवाई नहीं की और वापस भेज दिया। इससे उसकी बेटी और परेशान हो गई और उसने रात में ही जहर खाकर खुदकुशी कर ली। शुक्रवार की सुबह वह मृत हालत में मिली। लोक लिहाज के डर से उन्होंने उसका अंतिम संस्कार कर दिया। इसके बाद उन्हें उसकी किताबों से एक पत्र लिखा मिला, जिसमें उसकी बेटी ने अपनी मौत का जिम्मेदार पड़ोसी युवकों को बताया है।
शनिवार की दोपहर में बेटी का मरने से पहले लिखा गया सुसाइड नोट लेकर महिला कोतवाली पहुंची और दोनों युवकों के खिलाफ तहरीर दी। इस संबंध में एसपी देहात अतुल शर्मा का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
