गोंडा। बहू के उत्पीड़न से परेशान 90 वर्षीय वृद्धा ने एसपी और जिलाधिकारी से न्याय की गुहार लगाई है। वृद्धा का आरोप है कि वह चलने मे असमर्थ है, इसके बावजूद बहू और उसके मायके वाले उसको शौचालय नहीं बनवाने दे रहे हैं।
मनकापुर तहसील में छपिया क्षेत्र के गांव भरपुरवा निवासी 90 वर्षीय प्रेमा देवी ने एसपी और जिलाधिकारी को प्रार्थनापत्र भेजकर छोटी बहू पर उत्पीड़न का आरोप लगाया है। वृद्धा का कहना है कि वह बीमार रहती है । उसकी रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर होने से वह चलने फिरने में भी असमर्थ है। जिसकी वजह से वह घर में शौचालय बनवा रही है।
आरोप है कि छोटी बहू अनीता देवी जो अपने मायके में रहती है, उसको जैसे ही इसका पता चला वह कुछ लोगों के साथ आई और गाली गलौज करते हुए निर्माण कार्य रुकवा दिया और काम कर मिस्त्रियों को डरा धमका कर भगा दिया। वृद्धा का कहना है कि वह सांठगांठ करके जिस जगह पर शौचालय का निर्माण हो रहा है उसे कोर्ट में विचाराधीन बता रही है।
वृद्धा का आरोप है उसकी छोटी बहू उसका काफी उत्पीड़न करती है। जिससे वह काफी परेशान रहती है। वृद्धा ने बताया कि उसके पति की भी मौत हो चुकी है। जिससे यह लोग और भी अधिक परेशान करने लगे है। वृद्धा ने एसपी और डीएम से न्याय की गुहार लगाई है और बहू से छुटकारा दिलाने की मांग की है।
