सहारनपुर। जिले में दो स्मैक तस्करों की दबंगई सामने आई है। बाइक सवार तस्करों ने पेट्रोल के पैसे मांगने पर दुकानदार दम्पत्ति पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। चीख पुकार सुनकर मौके पर इकट्ठा हुए ग्रामीणों ने बाइक सवार युवकों को पकड़ लिया और पेड़ से बांधकर जमकर पिटाई कर दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दंपत्ति को सीएचसी बेहट में भर्ती कराया। यहां चिकित्सकों ने दंपत्ति की हालत को गंभीर देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। वहीं, पुलिस ने दोनों युवकों को भी हिरासत में ले लिया है। वारदास से ग्रामीणों में रोष है।
दरअसल, थाना मिर्जापुर इलाके के गांव मरोड़ गढ़ रायपुर रहने वाला एक बुजुर्ग दंपत्ति घर के बाहर कैन में रखकर पेट्रोल बेचता है, जिससे उनका गुजर-बसर होता है। जानकारी के अनुसार एक बाइक पर सवार दो युवक उनके पास पहुंचे और अपनी बाइक में पेट्रोल डलवा लिया।आरोप है कि जब दुकानदार ने पेट्रोल के पैसे मांगे तो दोनों युवक आग बबूला हो गए और दंपत्ति के साथ मारपीट करने की।
इसके साथ ही बुजुर्ग दंपत्ति के ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी।दंपत्ति के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने किसी तरह लपटों में झुलस रहे दम्पत्ति की आग बुझाई। इसी दौरान ग्रामीणों ने दोनों युवकों को पकड़ लिया पेड़ से बांधकर उनकी जमकर पिटाई कर दी।

