सहारनपुर। बिहारीगढ़ थाना क्षेत्र में दिल्ली दून हाईवे पर राजाजी राष्ट्रीय पार्क के सामने शुक्रवार की सुबह साढ़े सात बजे ट्रक को ओवरटेक करने के दौरान कार सामने से आ रही दूसरी कार से जा भिड़ी। दो अन्य कारें भी इस दौरान इन वाहनों से टकरा गई। इनकी चपेट में आकर उत्तराखंड पुलिस के बाइक सवार सिपाही जवाहर सिंह तोमर की मौके पर ही मौत हो गई।
देहरादून निवासी जवाहर सिंह मंगलौर थाने में तैनात थे और अपनी डयूटी पर जा रहे थे। दुर्घटना में क्रेटा कार सवार सहारनपुर के बापूजी नगर आईटीसी रोड निवासी सुनहरा सिंह पुत्र सुमेरचंद और होंडा अमेज कार सवार देहरादून के थाना हाथी बड़कला के सालवाला निवासी रमेश भट्ट पुत्र तोलागत भट्ट और उनकी पत्नी सुशील भट्ट गंभीर रुप से घायल हो गए।
घायलों को मौके पर पहुंची पुलिस ने अस्पताल भिजवाया। हादसे के बाद देहरादून हाईवे पर जाम जैसी स्थिति पैदा हो गई। पुलिस ने वाहनों को हटवा कर साइड कराते हुए आवागमन सुचारु कराया।

