मेरठ। योगा एक्सप्रेस की चपेट में आने से शुक्रवार सुबह दो लोगों की मौत हो गई। मामले की जानकारी मिलते ही टीपीनगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पहले शव की शिनाख्त का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल पाई। इसके बाद दोनों शव मेडिकल कॉलेज स्थित पोस्टमार्टम हाऊस पर रखवा दिए हैं।
अहमदाबाद से चलकर मेरठ होते हुए हरिद्वार जाने वाली योगा एक्सप्रेस शुक्रवार सुबह साढ़े 8 बजे मेरठ पहुंची। जहां टीपीनगर थाना क्षेत्र में पूठा फाटक के पास 45 साल के व्यक्ति की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। कुछ दूरी पर ही ट्रेन की चपेट में आने से 55 साल के व्यक्ति की भी मौत हो गई। दोनों शव जब रेलवे ट्रैक के पास देखे तो लोगों ने पुलिस को सूचना दी। जीआरपी के साथ टीपीनगर पुलिस भी मौके पर पहुंची।
टीपीनगर पुलिस का कहना है की पता चला की दोनों सुबह के समय मॉर्निंग वॉक के लिए या कहीं आते जाते समय रेलवे लाइन के किनारे जा रहे थे। जहां योगा एक्सप्रेस ने दोनों को चपेट में ले लिया। एक की उम्र 45 साल व दूसरे मरने वाले की उम्र 55 साल के आसपास है। शव की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। सभी थानों को भी पुलिस ने घटना के बारे में वायरलेस सेट से सूचना दे दी है।
