जंगल में आग लगाते हुए महिला सहित दो लोग रंगे हाथ पकड़े

rudrapryag

रुद्रप्रयाग। वन विभाग के सचल दल ने जखोली रेंज में जंगल में आग लगाते हुए एक महिला सहित दो लोगों को रंगे हाथ पकड़ा है। घटना में शामिल अन्य लोग भी बताए जा रहे हैं, जिनके बारे में पूछताछ की जा रही है। आरोपियों के विरूद्ध वन अधिनियम 1927 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही गिरफ्तारी की कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। जिले में अभी तक वनाग्नि की 65 घटनाएं हो चुकी हैं।

बृहस्पतिवार को दोपहर बाद रुद्रप्रयाग वन प्रभाग का सचल दल जखोली रेंज का जायजा ले रहा था। इस दौरान जखोल कक्ष संख्या 5-ए में राम लाल, निवासी टेंडवाल और लक्ष्मी देवी, निवासी डांडाखील जंगल में आग लगाते रंगे हाथ पकड़े गए। जबकि साथ के अन्य लोग भाग खड़े हुए। विभागीय सचल दल ने आरोपियों से मौके पर पूछताछ कर रेंज कार्यालय में भारतीय वन अधिनियम 1927 के तहत दोनों के विरूद्ध मुकदमा दर्ज किया।

डीएफओ वैभव कुमार सिंह ने बताया कि महिला सहित दो लोग जंगल में आग लगाते पकड़े गए हैं। इन लोगों से पूछताछ की जा रही है। कहा कि प्रभागीय क्षेत्र में कई जगहों पर ग्रामीणों के द्वारा स्वयं जंगल में आग लगाने की शिकायतें मिल रही हैं, जो दुर्भाग्यपूर्ण हैं। आरोपियों के खिलाफ कानूनी स्तर आपदा प्रबंधन के तहत भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बताया कि प्रभागीय क्षेत्र में अभी तक वनाग्नि की कुल 65 घटनाएं हो चुकी हैं, जिसमें 79 हेक्टेयर से अधिक वन संपदा जलकर नष्ट हो चुकी है।

advertisement at ghamasaana