बस्ती। खेल महाकुंभ का शुभारंभ करने पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने योगी सरकार की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश को दंगामुक्त कराया तो तेजी से विकास हुआ। उन्होंने माफिया को समाप्त कर दिया है। अमित शाह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ अमर शहीद सत्यवान सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में सांसद खेल महाकुंभ का शुभारंभ किया। इसके अलावा शिवहर्ष किसान पीजी कालेज के मैदान से 189 करोड़ रुपये लागत वाली 94 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण.और शिलान्यास भी किया।
इस मौके पर शाह ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था से लेकर खेती, शिक्षा, उद्योग, इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में यूपी तेजी से विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि मोदी ने यूपी और पूर्वाचल के लिए खजाना खोल दिया। यूपी के 46 लाख किसानों का 37 हजार करोड़ रुपये कर्ज माफ किया। उनसे 435 लाख मीट्रिक टन धान और गेहूं खरीदा गया। उन्होंने कहा कि गन्ना, गेहूं, चीनी, हरी मटर, आम, आंवला के उत्पादन में यूपी देश में पहले नंबर पर है। 45 कृषि मंडियों को टैक्स फ्री और 27 को कंप्यूटरीकृत किया है। इसके अलावा अभी बहुत कुछ बाकी है। इसलिए एक बार फिर योगी सरकार को आशीर्वाद दें। इतना ही नहीं शाह ने सांसद खेल महाकुंभ के आयोजन के लिए सांसद हरीश द्विवेदी की तारीफ की और कहा कि ऐसा आयोजन मैं भी नहीं कर सकता था।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में पूरे देश में सांसद खेल महाकुंभ का आयोजन हो रहा है। कोरोना महामारी के बावजूद इस वर्ष ओलिंपिक और पैरा ओलिंपिक खेलों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को न केवल प्रधानमंत्री का मार्गदर्शन मिला है, बल्कि प्रदेश सरकार ने भी उनका अभिनंदन किया है।
वहीं भाजपा भाजपा मंडल उपाध्यक्ष शरद सिंह रावत ने गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास दिलाया कि इस बार भी जनता ने भाजपा को चुनने का मन लिया है। इस बार भी प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी। इस अवसर पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री और भाजपा के प्रदेश चुनाव प्रभारी धर्मेद्र प्रधान भी मौजूद रहे।




