लखनऊ। अमरोहा जिले में ई-रिक्शा लूटने की वारदात मेरठ का गैंग करता था। रजबपुर पुलिस व एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गैंग के दो गुर्गों को गिरफ्तार किया है। इनका एक साथी फरार हो गया। आरोपियों से दो ई-रिक्शा व तमंचा-कारतूस बरामद किए हैं।

पिछले माह जिले में ई-रिक्शा लूट की कई वारदात अंजाम दी गई। रजबपुर व गजरौला थाना क्षेत्र में यह घटनाएं हुईं। बदमाशों ने चालकों को बेहोश कर ई-रिक्शा लूटे थे। इन मामलों के पर्दाफाश को एसपी पूनम ने रजबपुर पुलिस व एसओजी टीम को लगाया। इस क्रम में पुलिस को सोमवार को सफलता मिल गई।

मुखबिर से सूचना मिली कि तीन युवक चोरी के ई-रिक्शा लेकर शकरपुर बाइपास पर खड़े हैं। दोनों टीमों ने मौके पर जाकर तीनों युवकों की घेराबंदी कर ली। खुद को घिरता देख वह भागने लगे। दो को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक जंगल में फरार हो गया।

आरोपियों को थाने लाकर पूछताछ की गई तो इन्होंने अपने नाम इमरान निवासी मुहल्ला समर गार्डन निकट जामा मस्जिद व आरिफ निवासी मुहल्ला आशियाना कालोनी थाना लिसाड़ी गेट मेरठ बताए, जबकि फरार होने वाले साथी का नाम साजिद निवासी गांव कस्तला कासमाबाद थाना थाना पिलखुवा जनपद हापुड़ बताया। दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।