श्मशानघाट में भरा पानी, सड़क किनारे करना पड़ा मृतक का अंतिम संस्कार

Baghpat jail

बागपत। ग्राम पिचोकरा का श्मशान बदहाल है। मुक्तिधाम कहे जाने वाला यह स्थल तालाब में तब्दील हो चुका है। जिसके चलते ग्रामीणों को एक बुजुर्ग का शुक्रवार को अंतिम संस्कार सड़क किनारे करना पड़ा।

ग्राम पिचोकरा के पूर्वी छोर पर श्मशान घाट स्थित है। सरकारी मशीनरी की उदासीनता व ग्राम पंचायत की अदूरदर्शिता के चलते श्मशान घाट की हालत बदतर है। मुक्तिधाम कहे जाने वाले इस स्थल पर झाड़ियां खड़ी हैं। वहीं, श्मशान तालाब में तब्दील है। जिस कारण ग्रामीणों के सामने मृतकों का अंतिम संस्कार करने की समस्या है। गांव में भाजपा के मंडल मंत्री अमरवीर कश्यप के चाचा राजे कश्यप पुत्र लालू की बीमारी के चलते मौत हो गई। परिजन शुक्रवार को उनके पार्थिव शरीर को लेकर श्मशान स्थल पहुंचे। वह जलमग्न मिला।

इससे क्षुब्ध ग्रामीणों ने यह जानकारी डीएम को देकर राजे कश्यप के पार्थिव शरीर का सड़क किनारे अंतिम संस्कार किया। यहां विपिन कुमार, रामफूल स्वामी, सुमेश कश्यप, किरण कश्यप, संजीव कश्यप, नीरज दीपक, बबलू, सोनू, राहुल, विजेंद्र, राजेंद्री, बलजोर सिंह, श्याम सिंह, राम पेंटर, फेरू, सुरेशपाल, शहीद आदि ग्रामीण डीएम से श्मशान स्थल का जीर्णोद्धार कराने की मांग की है।

advertisement at ghamasaana