मुजफ्फरनगर । खतौली के गांव रसूलपुर केलोरा में मामा के घर रह रही युवती की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। घटना के बाद मामा व परिजन फरार हो गए। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है।
मेरठ के बहसूमा थाने के गांव मुहम्मदपुर शाकिस्त की रहने वाली युवती हिमांशी 2 साल से अपने मामा भारतवीर के घर रहती थी। उसने विगत माह बहसूमा थाने के गांव मोड़ सदरपुर निवासी विनीत से कोर्ट मैरिज की थी। 12 नवंबर को गाजियाबाद में दोनों की फेरो की रस्म होने वाली थी। इसके पहले ही उसके मामा के घर उसकी हत्या कर दी गई। उसका शव कार में पड़ा मिला।
गांव वालों की सूचना पर खतौली पुलिस मौके पर पहुंची । एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत का कहना है कि शव मोर्चरी भेज दिया है। मृतका के मामा व परिजन फरार हैं। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही इस मामले का खुलास कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
