ग्रामीणों ने घेरा तो चोरों ने ईंट-पत्थरों से कर दिया हमला, महिला की मौत

बुलंदशहर। अनूपशहर के गांव नगला करनपुर में बुधवार देर रात बकरी चुराकर भागते चोरों ने एक महिला पर पत्थरों से हमला कर हत्या कर दी। महिला के पति की पहले ही मौत हो चुकी है। अब उसके 10 बच्चों के सिर से साया उठ गया है। जिस व्यक्ति के घर से बकरी हुई उसकी तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है, पर हत्यारे हाथ नहीं आए।

बुधवार रात 1.30 बजे नगला करनपुर निवासी रामकुमार के घर से चोर तीन बकरियों को खोलकर ले जा रहे थे। तभी रामकुमार और उसकी पत्नी रामवती जाग गए और शोर मचा दिया। शोर सुनकर रामकुमार की पड़ोसी विमलेश भी घर से बाहर आ गई। गांव के लोग पीछे भागने लगे तो चोरों ने ईंट और पत्थरों से हमला कर दिया। अचानक एक पत्थर विमलेश के सीने में लगा तो वह बेहोश होकर गिर पड़ी। ग्रामीणों ने विमलेश को लेकर पहले निजी चिकित्सक को दिखाया। बाद में उसे घर लेकर आ गए। सुबह करीब पांच बजे महिला की हालत खराब होने पर उसे सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

वाहन में बकरी लेकर भागे चोर
घटना के दौरान विमलेश के घायल होने के बाद ग्रामीण उसे देखने लगे। इस दौरान मौका पाकर चोर चार पहिया वाहन में बकरी लादकर भाग खडे़ हुए।

10 बच्चों के सिर से पिता के बाद मां का भी साया उठा
विमलेश की मौत के बाद उसके दस बच्चे अनाथ हो गए। उसकी 19 वर्ष की बेटी चंचल की पांच माह पहले शादी हुई थी।अभिषेक (17), राखी (15), आशु (14), लवी (13), ब्यूटी (11) , सोफिया (9) हर्ष (7), मयंक (6) , मानक (5) का रो-रोकर बुरा हाल है। अबइन बच्चों की जिम्मेदारी विधवा दादी विरमा पर आ गई है।

किसान दुर्घटना बीमा का भी नहीं मिलेगा लाभ
विमलेश ने मौत से एक दिन पहले ही दो बीघा कृषि भूमि का अपने नाम बैनामा कराया था। एसडीएम पदमसिंह ने बताया कि विमलेश की मौत किसान दुर्घटना बीमा योजना के दायरे में न आने की वजह से बीमा योजना वाली सरकारी मदद नहीं मिल सकेगी।

जांच में जुटी है पुलिस
रामकुमार की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। प्रारंभिक तौर पर बकरी चोरी और चोरों के ईंट मारने से महिला की मौत की बात सामने आ रही है। मामले की जांच में पुलिस टीम जुटी है। – बीबी चौरसिया, एसपी देहात

advertisement at ghamasaana