बागपत। क्षेत्र से एक विवाहिता संदिग्ध हालात में लापता हो गई। कुछ दिन तक जब उसका पता नहीं चला तो महिला के मायके वालों ने पति पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज करा दी। हालांकि पति ने गिरफ्तारी पर कोर्ट से स्टे ले लिया। एक साल बाद पता चला वह महिला गाजियाबाद में प्रेमी के साथ कोर्ट मैरिज करके रह रही है। अब पुलिस उसे गिरफ्तार करके लाई है।
बालैनी थाने में एक साल पहले नोएडा के सोरखा गांव निवासी कालूराम ने मई 2021 में अपनी बहन पूजा की हत्या का मुकदमा दामाद बिजेंद्र के खिलाफ दर्ज कराया था। जिसके बाद विवाहिता के पति बिजेंद्र ने गिरफ्तारी पर हाईकोर्ट से स्टे ले लिया और पुलिस के साथ मिलकर पूजा की तलाश शुरू कर दी गई। जो एक साल बाद ढिकौली निवासी प्रेमी के साथ कोर्ट मैरिज कर लोनी में रहती हुई मिली।
थाना प्रभारी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि पूजा की शादी 12 साल पहले बिजेंद्र के साथ हुई थी, जिसके तीन बच्चे हुए और लापता होने के बाद लोनी में चौथे बच्चे को जन्म दिया। पुलिस बरामद विवाहिता से पूछताछ करने में जुटी हुई है। महिला का प्रेमी वर्तमान में किसी मुकदमे में जेल में बंद है।
कोर्ट केस के चक्कर में बिजेंद्र ने बेची तीन बीघा जमीन
बालैनी निवासी बिजेंद्र गाड़ी चालक है। पत्नी की हत्या का मुकदमा दर्ज होने के बाद से वह उसकी तलाश में लगा हुआ था और कोर्ट केस के चक्कर में अभी तक अपनी तीन बीघा जमीन बेच चुका है।

