बस्ती में संदिग्ध हालात में महिला लापता, पुलिस ने चलाया चेकिंग अभियान, परिजनों ने लगाया अपहरण का आरोप

basti women missing

बस्ती। गांधीनगर क्षेत्र से विवाहिता संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। परिजनों से मिली तहरीर के आधार पर पुलिस ने पूरी रात होटलों और ढाबों पर चेकिंग की, लेकिन महिला का कहीं पता नहीं चला। वहीं महिला के परिजनों का आरोप है कि मामला अपहरण का है, लेकिन कोतवाली पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की है।

बताया जा रहा है कि शहर कोतवाली थाना क्षेत्र में गांधीनगर के मोहल्ला जामडीह निवासी सुरेश पांडेय की पत्नी ललिता पांडेय शुक्रवार को किसी काम से बाजार गई थीं, लेकिन जब वह काफी देर तक नहीं लौटीं तो उनके बेटे ने उनको मोबाइल पर कॉल की, तब ललिता ने कहा कि वह टेंपो पर बैठ रही हैं और जल्द ही घर पहुंच जाएंगी।

इसके बाद भी जब वह काफी देर तक घर नहीं पहुंची तो बेटे ने उनको फिर से मोबाइल पर कॉल की, लेकिन उनका फोन स्विच्ड ऑफ मिला। महिला के पति किसी काम से लखनऊ गए थे। बेटे ने उन्हें इसकी जानकारी दी। वहां से आते ही उन्होंने कोतवाली में तहरीर दी। इसके बाद पुलिस ने पूरी रात चेकिंग अभियान चलाया, लेकिन महिला का कहीं पता नहीं चला।

थाना कोतवाली पुलिस की माने तो जिस नंबर से बेटे ने बात किया उस नंबर को सर्विलांस पर लगाया गया है नंबर अभी भी स्विच ऑफ जा रहा हैं। पुलिस का अपना मानना है पुलिस हर संभव प्रयास कर रही है लेकिन अभी तक कहीं कोई पता नहीं लग पाया।

advertisement at ghamasaana