शामली। भैंसवाल गांव से युवक की अपहरण कर हत्या कर दी गई। अपहरण की सूचना पर पुलिस बृहस्पतिवार रात से ही उसे तलाश कर रही थी। पुलिस ने गांव निवासी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या की वजह पैसों के लेनदेन का विवाद बताया जा रहा है।
भैंसवाल निवासी देवेंद्र कश्यप पुत्र श्यामा करनाल में मजदूरी करता था। परिजनों के मुताबिक देवेंद्र बृहस्पतिवार को गांव आ रहा था। शामली में वह चचेरी बहन नेहा और रिया से उसकी मुलाकात हुई थी। वह कुछ खरीदारी करने के बात कह रहा था। रात करीब 9 बजे देवेंद्र के मोबाइल से नेहा के नंबर पर कॉल आई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने कहा कि 5 लाख दे जाओ और देवेंद्र को ले जाओ। नेहा के मुताबिक यह आवाज गांव के ही ललित पुत्र जसवीर की थी।
परिजन ललित के घर पहुंचे तो वह फरार मिला। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कर जंगल में देवेंद्र को घंटों तक तलाश किया। शुक्रवार दोपहर देवेंद्र का शव भैंसवाल में स्थित कन्या कल्याण गुरुकुल इंटर कॉलेज के पीछे के खेत में पड़ा मिला। उसकी गला दबाकर हत्या की गई थी। आरोपी ललित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ में जुटी है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। देवेंद्र की हत्या के बाद से परिजनों में कोहराम मचा है। 15 दिन पूर्व ही देवेंद्र की पत्नी अमरेश ने पुत्री को जन्म दिया था।
