सहारनपुर। महानगर में अलग-अलग जगहों पर एक युवक और महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। महिला ने पति से विवाद के चलते खुदकशी की। वहीं, युवक के आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।
थाना जनकपुरी क्षेत्र के मोहल्ला शांतिनगर निवासी रमा पुत्री अनूप कुमार की शादी वर्ष 2008 में सन्नी पुत्र विजयपाल निवासी खानपुर नई दिल्ली के साथ हुई थी। पुलिस के मुताबिक, रमा करीब 18 माह से शांतिनगर में अपने मायके में रह रही थी। सोमवार को घर में कोई नहीं था।
तब, रमा चुनरी का फंदा बनाकर अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पता लगने पर थाना जनकपुरी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस के मुुताबिक, रमा का पति के साथ विवाद चल रहा था। जांच में सामने आया है कि इसी के चलते उसने आत्महत्या की है। महिला के दस वर्षीय पुत्री अनुष्का, आठ वर्षीय पुत्र दिव्य और चार वर्षीय पुत्र वंश है।
उधर, कोतवाली मंडी क्षेत्र के मोहल्ला भीष्मनगर निवासी सुनील ने भी सोमवार की शाम अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के मुताबिक, सुनील मूलरूप से जनपद गोंडा का रहने वाला है। वह सहारनपुर में रहकर मजदूरी करता था। उसकी पत्नी भी मजदूरी करती है। सुनील के भी तीन बच्चे हैं। सुनील द्वारा आत्महत्या करने की वजह से स्पष्ट नहीं हो पाई है। एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक का कहना है कि दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

