Gonda : पुलिस हिरासत में युवक की मौत, एसएचओ, एसओजी प्रभारी निलंबित, हत्या की रिपोर्ट दर्ज

gonda nawabganj news

गोंडा। झोलाछाप चिकित्सक की मौत के मामले में कस्टडी में लिए व्यक्ति की थाने में मौत हो जाने से सनसनी फैल गई। इस मामले के तूल पकड़ने पर एसपी ने प्रभारी निरीक्षक तेज प्रताप सिंह और एसओजी प्रभारी अमित यादव को निलंबित कर दिया। वहीं एसएचओ के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है।

नवाबगंज थाना क्षेत्र के जैतपुर चौहान पुरवा में झोलाछाप डॉक्टर की आठ सितंबर को हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने इस मामले में लाइनमैन देव नारायण यादव को हिरासत में लिया था। पुलिस कस्टडी में ही देव नारायन की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि पुलिस के टार्चर से देव नारायन की जान गई है। वहीं शव लेकर मर्चरी जा रहे पुलिस कर्मियों से परिजन भिड़ गए। परिजन एसपी आकाश तोमर को मौके पर बुलाने की जिद कर रहे थे।

इस मामले में एसपी आकाश तोमर ने लापरवाही बरतने पर प्रभारी निरीक्षक तेज प्रताप सिंह और एसओजी प्रभारी अमित यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। इसके अलावा एसएचओ के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। एसपी आकाश तोमर ने कहा कि इस मामले दोषी कोई भी हो सख्त कार्रवाई की जाएगी। हालांकि उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतक के शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले हैं।

advertisement at ghamasaana