गूगल से हेल्पलाइन नंबर लेने के बाद DTH रिचार्ज कराने के नाम पर 56 हजार रूपए ठगे

fraud

नई दिल्ली। एयरटेल डीटीएच रिचार्ज कराने के लिए गूगल से हेल्पलाइन नंबर लेना सरोजनी कालोनी निवासी रितु शर्मा को महंगा पड़ गया। आरोपित ने उन्हें बातों में उलझाकर क्रेडिट कार्ड की डिटेल ली और खाते से 56 हजार 200 रुपये साफ कर दिए।
जब आरोपी को दोबारा काल कर इस बारे में कहा, तो वह अभद्रता करने लगा। मामले में गांधीनगर थाना पुलिस ने केस दर्ज किया है।

पुलिस को दी शिकायत के मुताबिक, रितु शर्मा को अपने एयरटेल डीटीएच का रिचार्ज कराना था। इसके लिए उन्होंने गूगल के माध्यम से रिचार्ज किया,लेकिन उनका रिचार्ज गलत हो गया और 200 रुपये किसी और डीटीएच के रिचार्ज में चले गए। जिस पर उन्होंने गूगल पर कस्टमर केयर नंबर के लिए सर्च किया। एक नंबर मिला। जब इस नंबर पर काल कर रिचार्ज गलत होने के बारे में बताया, तो काल सुनने वाले ने उनसे एनी डेस्क एप डाउनलोड कराया। इसके बाद उनसे क्रेडिट कार्ड की फोटो मंगवाई।

आरोपी की बातों में आकर उन्होंने क्रेडिट कार्ड की फोटो वाट्सएप कर दी। इतने में उनके खाते से पैसे निकलने लगे। जब इस बारे में आरोपी से बात की तो वह पैन कार्ड की फोटो मांगने लगा। शक होने पर उसे मना कर दिया। आरोप है कि इस पर उनके साथ अभद्रता की और इस तरह से उनके खाते से 56 हजार 200 रुपये साफ हो गए। मामले को लेकर गांधीनगर थाना पुलिस को शिकायत दी गई।

advertisement at ghamasaana