रिटायर्ड आईपीएस के बेटे से अभद्रता के आरोप में वन दरोगा और आरक्षी निलंबित

Forest

ऋषिकेश। उत्तरप्रदेश के रिटायर्ड आईपीएस अधिकारी के बेटे और उनके साथियों से गाली गलौज व मारपीट के मामले में राजाजी टाइगर रिजर्व पार्क के उपनिदेशक ने आरोपी दरोगा व आरक्षी को निलंबित कर दिया है। पीड़ित की तहरीर पर लक्ष्मण झूला थाना में आरोपी बंद होगा और आरक्षी के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

लक्ष्मणझूला थानाध्यक्ष वीरेंद्र चंद रमोला ने बताया कि उत्तरप्रदेश के रिटायर्ड आईपीएस अधिकारी एसपी यादव के पुत्र विकास कुमार निवासी उदसर हाऊस, चर्च रोड, सिविल लाइंस, आगरा, उत्तरप्रदेश ने थाना में दी तहरीर में बताया 29 मार्च की रात वह अपने तीन साथियों के साथ बैराज पुल से हरिद्वार की ओर जा रहे थे। इस दौरान वन विभाग की चेक पोस्ट पर तैनात वन दरोगा अनिल कुमार और आरक्षी हरीश कुमार ने उनकी कार को रोक लिया।

विकास कुमार ने आरोप लगाया दरोगा और आरक्षी ने उनके और साथियों के साथ अभद्रता से पेश आए। जब उन्होंने विरोध जताया तो दरोगा और आरक्षी गाली गलौज और मारपीट करने लगे। यही नहीं दरोगा और आरक्षी ने उनको जान से मारने की धमकी भी दी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि वन दरोगा और आरक्षी नशे में बुरी तरह से धुत्त थे। जब उनका एक साथी शिव गोयल अपने मोबाइल से घटना की वीडियो बनाने लगा तो दरोगा और आरक्षी ने उनका मोबाइल छीन कर तोड़ दिया।

लक्ष्मणझूला थानाध्यक्ष वीरेंद्र चंद रमोला ने बताया कि तहरीर पर पुलिस ने वन दरोगा अनिल कुमार, आरक्षी हरीश कुमार और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ गाली गलौच, मारपीट और जान से धमकी देने से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही। वहीं वन दरोगा और आरक्षी के खिलाफ शिकायत मिलने पर राजाजी टाइगर रिजर्व पार्क के उपनिदेशक अमित कुमार ने वार्डन ललित प्रसाद टम्टा को पूरे प्रकरण की जांच सौंपी थी। जांच रिपोर्ट में प्रथम दृष्टया में वन दरोगा आरक्षी दोषी पाए गए। शुक्रवार को उपनिदेशक अमित कुमार ने मामले में कार्रवाई करते हुए वन दरोगा अनिल कुमार और आरक्षी हरीश कुमार को निलंबित कर दिया है।

advertisement at ghamasaana