गोण्डा । नगर कोतवाली क्षेत्र में बहराइच रोड पर स्थित आसाराम बापू आश्रम से शुक्रवार किशोरी की लाश मिलने के मामले में नया खुलासा हुआ है। जिसने सभी के होश उड़ा दिए हैं। किशोरी की लाश आश्रम के अंदर काफी दिनों से खड़ी एक कार में मिली है। पुलिस की जांच में जो जानकारी आई है वह बेहद ही चौंकाने वाली है। बता दे कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में किशोरी के शरीर पर किसी भी प्रकार की चोट के निशान नहीं मिले हैं। जिससे यह मामला और भी उलझ गया है।
गौरतलब हैं कि नगर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत बिमौर निवासी किशोरी खुशी पांडेय पुत्री मनोज कुमार मंगलवार से घर लापता थी। काफी खोजबीन के बाद जब उसका पता नहीं चल सका तो बृहस्पतिवार को परिजनों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करायी। बताया जाता है कि शुक्रवार सुबह तीन से चार बजे के बीच पुलिस ने आश्रम से शव बरामद कर लिया। नगर कोतवाल पंकज सिंह ने बताया कि शव काफी पुराना लग रहा था।
इस मामले में पुलिस आश्रम से कई लोगों को पूछताछ के लिए कोतवाली लाई थी। वहीं जिस कार से शव बरामद हुआ है उसके बारे में भी पुलिस जांच कर रही है। वहीं इस बीच आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने परेशानी और बढ़ा दी है। सूत्रों के अनुसार रिपोर्ट में किशोरी के शरीर पर किसी भी प्रकार की चोट से इंकार किया गया है। वहीं एक जानकारी और है कि लडकी का पिता भी पिछले तीन वर्षों से लापता है। पुलिस उसके बारे में भी जांच पड़ताल कर रही है। फिलहाल आश्रम को सील कर दिया गया है।

