बुलंदशहर। शहर के भूड़ रोड स्थित एक अस्पताल में गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। यहां डाक्टरों को पेट के रोगी का ऑपरेशन करना था। लेकिन बुखार से पीड़ित मरीज का पेट चीर दिया गया। जिससे उसकी मौत हो गई।
मामला शहर के सुधीर अस्पताल का है। यहां ऑपरेशन करना था पेट की समस्या से ग्रसित यूसुफ का और डॉक्टरों ने गांव फरियाली निवासी बुखार पीड़ित मरीज यूसुफ सैफी के पेट में चीरा लगा दिया। जिससे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मौके पर ऑपरेशन के लिए आए मरीज के पहुंचने पर चिकित्सकों को जानकारी हुई। बुखार पीड़ित मरीज ने होश में आने पर परिजनों को मामले की जानकारी दी। जिसके बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने उचित उपचार का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया। लेकिन थोड़ी देर बाद उसकी मौत हो गई। मामले में अस्पताल के ही एक कर्मचारी की लापरवाही सामने आई है। मृतक के परिजनों की तहरीर पर चिकित्सक सहित तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पूरे मामले की जांच के लिए टीम गठित कर दी गई है।

