गोंडा। छपिया थाना क्षेत्र के ग्राम फूलपुर की सड़क सिर्फ कहने को सड़क है। सड़क पर बड़े.बड़े गड्ढे हो गए हैं। जिसमें बरसात का पानी भर जाने से लोगों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई जगह तो सड़क नाला बन गई है। लोगों ने कई बार इसकी शिकायत भी की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
बता दें कि सिसई रानीपुर, सकदरपुर, हरखुपुर, चुवाड़ आदि गांवों के लोगों का इस सड़क से आना.जाना है। फूलपुर की यह सड़क सिसई रानीपुर, चुवाड़ व अन्य गांवों को बभनान, गोण्डा, बस्ती, हरैया और अयोध्या से जोड़ती है। इस सड़क में बड़े बड़े गड्ढे लोगों की परेशानी का सबक बन गया है।
बरसात के मौसम में तो समस्या और भी बढ़ जाती है। क्यों कि गड्ढों में पानी भर जाता है, जिससे लोगों को गड्ढों के बारे में पता नहीं चल पाता है और लोग इसमें गिरकर चोटिल हो रहे हैं। इस मार्ग से सैकड़ों बच्चे रोज विद्यालय व महाविद्यालय पढ़ने जाते हैं। इस समय सड़क पर पानी भर जाने से छात्र व छात्राएं गिरकर घायल हो रहे है। सबसे ज्यादा समस्या पैदल जाने वाले लोगों को हो रहा है। इस गंदे पानी के अंदर से होकर जाना इनकी मजबूरी है।

भाजयुमो जिला कार्यसमिति सदस्य सत्यम मिश्रा ने बताया कि इस सड़क की यह हालत लगभग पांच साल से ऐसी ही है। यदि ऐसे ही रहा तो आवागमन ठप होने की आशंका है। सत्यम मिश्रा ने बताया कि इसकी शिकायत मुख्यामंत्री पोर्टल पर भी की है, साथ ही इस कि शिकायत लोक निर्माण मंत्री से भी की गई है।

