Basti news : बिजली का तार जोड़ते समय करंट लगने से संविदा कर्मी की मौत

Major news of Basti

बस्ती। संविदा कर्मी लाइनमैन रामजी की करंट लगने से मौत हो गयी, मृतक विद्युत उपकेन्द्र गांधीनगर पर संविदा कर्मी के पद पर तैनात थे, वे शटडाउन लेकर अमहट फीडर पर बिजली के खंभे पर चढ़कर तार जोड़ रहे थे। तभी अचानक करंट आ गया, और खम्बे पर चढ़े रामजी की करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गयी।

मृतक रामजी रात 12 बजे से सुबह 9 बजे के बीच अमहट फीडर पर डियूटी करते थे, रामजी के मौत की सूचना पर बिजली विभाग में हड़कम्प मच गया और बिजली विभाग के जेई और एसडीओ मौके पर पहुंचे। कोतवाली पुलिस भी पहुंच गयी और मृतक रामजी के परिवार को सूचना दी, मृतक रामजी की पत्नी ने कोतवाली में तहरीर देकर बिजली विभाग की लापरवाही का का आरोप लगाया है।

परिजनों ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कार्यवाई की मांग करने के साथ ही परिवार के भरण पोषण के लिए सरकार से आर्थिक सहायता की भी मांग की। एसओ संजय कुमार ने बताया कि मृतक की पत्नी गीता देवी की तहरीर के आधार पर गैर इरादतन हत्या का मुकदमा पंजीकृत कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, और जांच कर आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।

advertisement at ghamasaana