पेपर लीक और भर्ती परीक्षा में फर्जीवाड़े पर युवाओं ने बारिश में सड़क पर उतरकर जताया विरोध

paper leak and fraud case

उत्तरकाशी। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग पेपर लीक मामले और भर्ती परीक्षाओं में फर्जीवाड़े से आक्रोशित युवाओं ने नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। रामलीला मैदान से बारिश के बीच ही रैली के रुप में कलक्ट्रेट पहुंचे युवाओं ने एडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। जिसमें पेपर लीक सहित विभिन्न भर्ती परीक्षओं में फर्जीवाड़े की सीबीआई जांच कराने की मांग की गई।

विभिन्न छात्र संगठनों व को‌चिंग संस्थानों के युवा बड़ी संख्या में रामलीला मैदान में एकत्रित हुए, जो बारिश के बीच ही विश्वनाथ चौक, भैरव चौक होते कलक्ट्रेट पहुंचे और पेपर लीक मामले सहित भर्ती परीक्षा में धांधली पर रोष जताया। युवाओं ने कहा कि राज्य में नकल माफियाओं के सक्रिय होने से भर्ती की तैयारी करने वाले युवाओं के साथ छलावा हो रहा है। जिन लोगों ने कभी मेहनत नहीं की। वह 15-15 लाख रुपए देकर उत्तीर्ण हो रहे हैं।

उन्होंने पूर्व की भर्तियों पर फर्जीवाड़े की शिकायत को भी सरकार से गंभीरता से लेने की मांग की। इस दौरान अपर जिलाधिकारी तीर्थपाल ‌सिंह के माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को भेजे ज्ञापन में युवाओं ने भविष्य में इस तरह पेपर लीक और भर्ती परीक्षा में फर्जीवाड़ा न हो, इसके लिए सभी दोषियों के ‌खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। साथ पूरे मामले की सीबीआई जांच कराने की भी मांग उठाई। प्रदर्शन में देवराज बिष्ट, अमेरिकन पुरी, सतेंद्र, नितिन पयाल, रितिक गुसाईं, दीपक भट्ट, रॉबिन राणा, संदीप मटूड़ा आदि रहे।

advertisement at ghamasaana